राज्य
लखनऊ से हज यात्रियों के पहले जत्था को मोहसिन रजा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
By Deshwani | Publish Date: 14/7/2018 4:24:56 PMलखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से हज यात्रियों का पहला जत्था को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आज रवाना किया गया। पहले जत्थे में कुल 300 लोग शामिल हुए। इस मौके पर लखनऊ हज कमेटी की ओर से यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए इंतजाम किए गए।
सरोजनीनगर स्थित हज हाउस से फूलों से सजी बस में सभी हज यात्री सवार थे। उनके परिजनों के आंखों से ख़ुशी के आंसू निकल रहे थे। हज यात्रियों के पहले जत्थे को भाजपा सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान हज यात्रियों के परिजन भी उनके साथ मौजूद रहे।
इस मौके पर मोहसिन रजा ने कहा कि जरूरत है समाज में प्रेम, शांति, भाईचारा और सद्भाव बना रहे। तभी विकास का लाभ लोगों को मिल सकता है। वह शनिवार को हज हाउस में हज यात्रा शुरू होने के पूर्व आयोजित दुआ की मजलिस में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम हज के लिए रवाना होने वालों को हर मुमकिन सुविधा मुहैया करा पाएं, उन्हें पूरी सहूलियत दें यह सरकार के लिए फर्क की बात है।
हाजियों की दुआएं कबूल हों और उनका सफर और मक्का-मदीना में उनका प्रवास आरामदायक रहे। उन्होंने हज यात्रा पर जाने वाले लोगों से अपील की कि वे सूबे और मुल्क की तरक्की और प्रेम व भाईचारे का माहौल बनाए रहे।