राज्य
अनंतनाग में राइफल लूटने की कोशिश नाकाम, 2 बीएसएफ कर्मियों सहित 3 गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 13/7/2018 2:25:48 PM श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिला के खन्नाबल इलाके की हाउसिंग कॉलोनी में गुजर और बकरवाल नेता के निजी सुरक्षा अधिकारी (पी.एस.ओ.) से पुलिस ने राइफल लूटने की कोशिश को नाकाम करके सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के दो जवानों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मंजूर अहमद भट्ट निवासी संगम नामक व्यक्ति पी.एस.ओ. बशीर अहमद के कमरे में घुस आया जब बशीर वाशरुम में था और कंबल में लपेटकर राइफल ले गया। जैसे ही बशीर वापस आया उसने ट्रंक को खाली देखा। वह तुरन्त बाहर निकला और मंजूर जो बकरवाल नेता के मकान में अकसर आता है को संदग्धि स्थिति में पाया। इस दौरान बशीर को देखते ही मंजूर ने भागने की कोशिश की लेकिन बशीर ने और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसको दबोच लिया।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के तुरन्त बाद मंजूर ने पुलिस को बताया कि राइफल बी.एस.एफ. कर्मी के लिए थी जो उसका हाउसिंग कॉलोनी के बाहर वाहन में इंतजार कर रहा था। तीव्रता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बी.एस.एफ. कर्मी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बी.एस.एफ. कर्मियों में निरीक्षक पटेल और जहूर अहमद निवासी टंगडार कुपवाडा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मंजूर ने पुलिस को बताया कि बी.एस.एफ. कर्मियों ने उसको राइफल के बदले नौकरी और ढेढ़ लाख रुपए देने का वायदा किया था।