राज्य
अनूप चंद्र पाण्डेय बने यूपी के नए मुख्य सचिव
By Deshwani | Publish Date: 30/6/2018 5:59:22 PMलखनऊ। अनूप चंद्र पाण्डेय ने आज उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने आइएएस राजीव कुमार का स्थान लिया है, जो आज रिटायर हो गए। 1981 बैच के आइएएस राजीव कुमार के रिटायर होने के पहले ही बुधवार (27 जून) को सरकार ने 1984 बैच के आइएएस अनूप चंद्र पाण्डेय को मुख्य सचिव बनाने की घोषणा कर दी थी। मुख्य सचिव का पदभार संभालने के बाद अनूप चंद्र पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राजीव कुमार को धन्यवाद दिया। कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे अनूप चंद्र पाण्डेय फिलहाल, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त भी हैं। मुख्य सचिव बनने के साथ-साथ उन्हें इन पदों की भी जिम्मेदारी संभालनी है।
मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करने के साथ ही अनूप चंद्र पाण्डेय ने कहा कि सरकार की नीतियों को मेहनत और ईमानदारी से अनुपालन कराने की जिम्मेदारी और कोशिश होगी। राजीव जी ने बड़े मानक सेट किए हैं, उन्हें पूरा करने की कोशिश होगी। विकास की धारा को और तेज करने के साथ अवरोध दूर करने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि कृषि और उद्योग एक गाड़ी के दो पहिये हैं, हम दोनों को आगे बढ़ाएंगे। कितने घंटे काम होता है, इससे मतलब नहीं है. काम से लोग कितने संतुष्ट होते हैं, बड़ा लक्ष्य ये है। काम में डिलीवरी से ज्यादा सेटिस्फेक्शन हो, हमारा जोर इस पर होगा। उन्होंने आगे कहा 'हम विकास को गति दें, ये हमारी टीम की कोशिश होगी।