राज्य
मेजर की पत्नी की हत्या का आरोपी मेजर हांडा गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 24/6/2018 3:33:08 PM नई दिल्ली। दिल्ली के भीड़भाड़ इलाके में दिनदहाड़े हुए मेजर की पत्नी की हत्या मामले में पुलिस ने मेजर निखिल राय हांडा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया है जिसे दिल्ली ले जाया जा रहा है। माना जा रहा है कि लव-अफेयर के चलते मेजर की पत्नी की हत्या की गई।
बता दें कि शनिवार को दिल्ली के आर्मी कैंट स्थित बराड़ स्क्वेयर इलाके में भारतीय सेना में मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा की हत्या की गई। शैलजा का गला कटा हुआ था और उनकी बॉडी को एक कार से कई बार कुचला गया। शुरुआती जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने माना कि हत्या में मृतका का बेहद करीबी शामिल है। पुलिस के अनुसार शैलजा संदिग्ध से मिली थीं जो नगालैंड में एक अस्पताल के पास सीसीटीवी फुटेज में दिखा था। पिछले दिनों शैलजा के पति मेजर अमित द्विवेदी की तैनाती भी नगालैंड में थी।
पुलिस को शैलजा के बरामद मोबाइल फोन से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। आशंका जताई जा रही है कि कत्ल से पहले किसी बात पर कातिल और शैलजा का मनमुटाव भी हुआ था। इससे पहले डीसीपी विजय कुमार ने बताया था कि कातिल के खिलाफ पुख्ता सबूत मिल गए हैं। उन्होंने कहा था कि कातिल परिवार का बेहद करीबी है। दो और लोग शैलजा से टच में थे। बता दें कि शैलजा दिल्ली की रहने वाली थीं और अमित द्विवेदी मेरठ के रहने वाले थे। 2009 में उनकी शादी हुई थी। उनका एक 6 साल का बेटा भी है। अमित अभी दीमापुर नागालैंड में पोस्टेड हैं।