राज्य
आत्महत्या के इरादे से बच्चे सहित पटरी पर लेटी महिला, पूरी ट्रेन गुजर गई; खरोंच तक नहीं आई
By Deshwani | Publish Date: 24/6/2018 2:53:02 PMनेपानगर (बुरहानपुर)। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने डेढ़ महीने के बच्चे को सीने में लगाकर रेलवे ट्रैक पर लेट गई। हैरानी की बात है कि दोनों के ऊपर से ट्रेन गुजर गई लेकिन उन्हे खरोंच तक नहीं आई। जिसने भी यह देखा वो अपनी आंखों पर विश्वाश नहीं कर पाया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक महिला गोरखपुर से मुंबई जा रही काशी एक्सप्रेस ट्रेन से उतरी और सीधा जाकर रेलवे ट्रैक पर लेट गई। इसी बीच दूसरी लाइन पर पुष्पक एक्सप्रेस आ गई। 100 की स्पीड से आई ट्रेन महिला और उसके बच्चे के ऊपर से गुजर गई। यात्रियों के अनुसार उन्हे लगा कि अब वह दोनों नहीं बच पाएंगे। लेकिन ट्रेन के गुजरने के बाद भी दोनों सही सलामत ट्रैक पर लेटे हुए थे। जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर आशाराम नागवंशी मौके पर पहुंचे और महिला को ट्रैक से उठाया।
पूछताछ में 25 साल की तबस्सुम ने बताया कि कि वह मूल रूप से इलाहाबाद की रहने वाली है और उसके पति का नाम मोहम्मद साजिद है। उसने बताया कि उसके पति ने उसे तलाक दे दिया। तब से ही वह काफी तनाव में थी। तबस्सुम ने बताया कि बेटा होने से दो महीने पहले भी उसने खुदकुशी की कोशिश की थी लेकिन तब भी वह बच गई थी। लोगों के अनुसार महिला मानसिक रूप से कमजोर है और बार-बार बयान बदल रही थी।