राज्य
अयोध्या रामायण सर्किट को योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
By Deshwani | Publish Date: 19/6/2018 3:33:47 PMलखनऊ। भले ही सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर विवाद को सुलझाने का मामला चल रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अयोध्या में रामायण सर्किट के सपने को हकीकत में बदलने के लिए कमर कस ली है। आज हुई कैबिनेट बैठक में अयोध्या में रामायण सर्किट बनाने को मंजूरी दे दी गई है।
सरकार ने 133.30 करोड़ की इस योजना को मंजूरी दी है। बता दें कि रामायण सर्किट के प्रस्ताव को केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने रखा था। लेकिन अखिलेश यादव के राज में इस पर कोई खास अमल नहीं हुआ था।
रामायण सर्किट स्वदेश दर्शन योजना के तहत 13 पर्यटक सर्किटों में से एक है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास में पर्यटन मंत्रालय के तहत एक समिति ने रामायण सर्किट में 15 गंतव्यों को चुना था। गंतव्यों को उन स्थानों के अनुसार चुना गया था जहां भगवान राम ने पूरे भारत में यात्रा की थी।
भगवान राम की नगरी अयोध्या में 7.04 करोड़ की लागत से बस डिपो बनाया जाएगा। बस डिपो अयोध्या बाइपास पर 1.384 हेक्टेयर जमीन पर बनेगा। बता दें कि पीएम मोदी ने जब मई महीने में नेपाल में जनकपुर अयोध्या बस सर्विस को हरी झंडी दिखाई थी तब पता चला था कि अयोध्या में बस डिपो है ही नहीं।