राज्य
शनिधाम के संस्थापक दाती महाराज मुश्किल में, महिला ने लगाया रेप का आरोप, एफआईआर दर्ज
By Deshwani | Publish Date: 11/6/2018 3:43:36 PM नई दिल्ली। देश में एक और कथित धर्मगुरु मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। अब दिल्ली के मशहूर शनिधाम मंदिर के संस्थापक दाती महाराज पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। इस महिला ने पुलिस में दाती महाराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर दाती महाराज के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 354, 376 और 377 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि दाती महाराज ने मंदिर के अंदर ही रेप किया। शिकायत में कहा गया है कि दाती महाराज ने दो साल पहले महिला के साथ रेप किया था।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि धमकी और बदनामी के डर से उसने इतने दिन तक अपना मुंह नहीं खोला। महिला का आरोप है कि सिर्फ वही नहीं बल्कि शनिधाम में कई और महिलाओं के साथ भी ऐसा ही यौन शोषण किया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। इससे पहले दाती महाराज कई चैनलों पर ज्योतिष से संबंधित कार्यक्रम पेश करते रहे हैं।
पीड़िता ने यह भी कहा है कि रेप करने के बाद दाती महाराज ने उसे यह बात किसी को न बताने की धमकी भी दी थी। वहीं पीड़िता के पिता ने बताया कि उस समय उन्होंने अपनी बेटी को दाती महाराज के संरक्षण में उनके आश्रम में ही छोड़ दिया था।