राज्य
केरल में भारी बारिश, कई नदियां उफान पर
By Deshwani | Publish Date: 11/6/2018 10:32:29 AMनई दिल्ली। पूरे देश में लगातार आंधी-तूफान ने बरपा रहे कहर के बाद केरल में मानसून अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है जबकि उत्तर भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। उधर, ओडिशा में भी बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
केरल में ज्यादातर मौतें उफनती नदियों में डूब जाने और लोगों के ऊपर पेड़ों के गिरने से हुईं। कल तिरुवनंतपुरम, पठानमथिट्टा और अलप्पझुआ जिलों में चार लोगों की जान चली गई। दक्षिण पश्चिम मानसून के आने पर केरल में भारी वर्षा हुई तथा इडुकी, कोझिकोड़ एवं कन्नूर जिलों में फसलों और संपत्तियों का भारी नुकसान हुआ।
उत्तर भारत में राजस्थान में हल्की वर्षा से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। जैसलमेर 41.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। राज्य में सबसे अधिक 35 मिलीमीटर वर्षा पोंटा साहिब में हुई। कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। बेंगलुरु के कई इलाके जलमग्न हो गए। हालांकि यहां से किसी के हताहत होने के समाचार नहीं हैं।