राज्य
किसान आंदोलन के पांचवे दिन, गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन जारी
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2018 1:29:30 PMभोपाल। मध्यप्रदेश के मंदसौर में जहां पिछली बार किसान आंदोलन का उग्र रूप दिखाई दिया था। वहीं इस बार किसान गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी फसल का लागत मूल्य से 1.5 गुना खरीद मूल्य किये जाने समेत अन्य मांगों को लेकर किसानों ने एक यज्ञ किया। इस यज्ञ को सतबुद्धि यज्ञ नाम दिया गया। दूसरी तरफ मंदसौर में किसान आंदोलन के पांचवे दिन मिला जुला असर दिखाई दिया, जहां कृषि उपज मंडी में किसान अपनी फसल लेकर नहीं पहुंचे वहीं सब्जी मंडी में सामान्य दिनों की तरह कामकाज जारी रहा।
किसानों के शांतिपूर्ण आन्दोलन पर सरकार कोई ध्यान ही नहीं दे रही है ना किसी नेता का किसानों के लिए कोई ट्वीट आया है। ना ही उनकी मांगों के संबंध में सरकार का कोई नुमाइंदा उनसे बात की पहल कर रहा है। सरकार तक बात पहुंचाने का शांति पूर्ण तरीका अपनाकर वे सतबुद्धि यज्ञ कर रहे है। किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन की आम लोग भी तारीफ कर रहे है और उम्मीद जता रहे हैं कि बातचीत के जरिये इनकी समस्या का हल निकलेगा।