राज्य
महाराष्ट्र में भीषण सड़क दुर्घटना,10 की मौत, कई घायल
By Deshwani | Publish Date: 2/6/2018 1:50:35 PMमुंबई। महाराष्ट्र में सड़क हादसे में दस लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निकट के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पंजाब के रहने वाले कुछ लोग नांदेड़ के गुरुद्वारे में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सभी लोग टवेरा गाड़ी में सवार थे। अभी वह नागपुर-तुलजापुर हाईवे से गुजर ही रहे थे कि यवतमाल के कोसदनी घाट के पास उनकी गाड़ी की टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टवेरा के परखच्चे निकल गए और हादसे में दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।