राज्य
कैराना उपचुनाव: चौसाना में भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल समर्थकों में मारपीट, स्थिति नियंत्रण में
By Deshwani | Publish Date: 28/5/2018 4:49:10 PMलखनऊ। कैराना में मतदान जारी है। इस बीच चौसाना गांव में पोलिंग बूथ पर भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल समर्थकों के बीच मारपीट हुई। राष्ट्रीय लोकदल समर्थकों ने भाजपा पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। थोड़ी देर हंगामा चला, इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पोलिंग बूथ के बाहर खदेड़ दिया।
शामली के एसपी देवरंजन वर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। झिंझाना क्षेत्र के चौसाना गांव में भाजपा और रालोद समर्थकों में झड़प हुई थी, पुलिस ने नियंत्रण कर लिया है। उन्होंने बताया कि कैराना क्षेत्र के भूरा गांव में भी पथराव और फायरिंग की खबरें आई थीं लेकिन वहां भी अब स्थिति काबू में कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पोलिंग का समय बढ़ा दिया गया है, अब शाम 6 बजे तक जो भी पोलिंग सेंटर्स पंहुचेंगे, उन्हें मतदान की सुविधा दी जाएगी।
साथ ही कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। ईवीएम खराबी को लेकर सभी पार्टियों ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। मामले में मुजफ्फरनगर और सहारनपुर डीएम का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण वीवीपैट मशीनों के सेंसर में गड़बड़ी आ रही है। उन्होंने दावा किया कि 15 मिनट में सभी मशीनें बदल दी जा रही हैं। सहारनपुर डीएम के अनुसार अब तक 249 मशीनें बदली जा चुकी हैं।