राज्य
प्राइवेट स्कूलों पर सख्त हुई दिल्ली सरकार, नौ प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करें बढ़ी फीस
By Deshwani | Publish Date: 23/5/2018 1:52:04 PMनई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने प्राइवेट स्कूलों पर कड़ा रूख अपनाते हुए 575 प्राइवेट स्कूलों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द बढ़ी हुई फीस वापस करने का फैसला किया है। यही नहीं सरकार ने इन प्राइवेट स्कूलों पर जुर्माना लगाते हुए बढ़ी हुई फीस नौ फीसदी ब्याज के साथ लौटाने की बात कही है।
दिल्ली सरकार की सख्ती रूख के चलते ज्यादातर प्राइवेट स्कूलों ने फीस बढ़ोत्तरी के फैसले को वापस ले लिया था। हालांकि कुछ स्कूल मनमानी करते हुए फीस कम करने को तैयार नहीं थे। यही कारण है कि अब सरकार ने ऐसे स्कूल पर सख्त कदम उठाते हुए 575 स्कूलों को नोटिस जारी कर दिया है। इन स्कूलों को जल्द से जल्द बढ़ी हुई फीस नौ प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करने को कहा गया है।
बताया जाता है कि जनता संवाद के दौरान कई अभिभावकों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री केजरीवाल से शिकायत की थी। अभिभावकों की परेशानी को देखते हुए अब सरकार ने सख्त कदम उठा लिए हैं। दिल्ली सरकार के मुताबिक प्राइवेट स्कूलों द्वारा मनमाने तरीके से फीस बढ़ाना सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के फैसलों और शिक्षा निदेशालय के निर्देशों का उल्लंघन है।