राज्य
राज्य में बढ़ती अशांति पर काबू पाने के लिए राज्यपाल का शासन अहम : फारूक अब्दुल्ला
By Deshwani | Publish Date: 23/5/2018 11:18:33 AMश्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक और लोकसभा सदस्य फारूक अब्दुल्ला ने पीडीपी-भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए जम्मू में भूमि विवाद में भाजपा नेताओं की कथित संलिप्तता को लेकर महबूबा मुफ्ती सरकार की खामोशी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में तुरंत राज्यपाल शासन लगाने की मांग की है। राज्य में बढ़ती अशांति पर काबू पाने का यही एक मात्र रास्ता लगता है। उन्होंने कहा कि पीडीपी भाजपा सरकार में राज्य तेजी से अराजकता की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष निर्मल सिंह और उप मुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता समेत शीर्ष भाजपा नेताओं द्वारा जम्मू के नगरोटा में सेना के गोला-बारूद डिपो के नजदीक एक कंपनी के मार्फत जमीन खरीदने को लेकर हुए विवाद का हवाला दिया। उन्होंने कहा , राज्य सरकार चुप क्यों है? निर्मल ने 2,000 वर्ग मीटर के प्लॉट पर मकान का निर्माण करना शुरू कर दिया है, जिसके बाद जम्मू स्थित 16 वीं कोर के कमांडर ले जनरल सरणजीत सिंह ने कड़ा विरोध किया। यह प्लॉट 2014 में खरीदी गई 12 एकड़ भूमि का हिस्सा है। अब्दुल्ला के मुताबिक , राज्य के तीनों क्षेत्र ठगा महसूस कर रहे हैं। लोगों को लगता है कि कोई शासन नहीं है और कुछ भी आगे बढ़ता नहीं लगता है।