राज्य
बेकाबू ट्रक पूर्णागिरी जा रहे श्रद्धालुओं को कुचला, नौ की मौत, 21 लोग हुए घायल
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2018 3:12:49 PMलखनऊ। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आज सड़क दुर्घटना में नौ श्रद्घालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। ये सभी लोग उत्तराखंड में मां पूर्णागिरी के दर्शन के लिए जा रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज तड़के पांच बजे के आसपास यह हादसा हुआ। मृतकों में अधिकांश लोग नवाबगंज इलाके के हैं। यह हादसा उस समय हुआ, जब मां पूर्णागिरी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्घालुओं के एक जत्थे को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है और उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है. उन्होंने बताया कि श्रद्घालुओं का यह दस्ता आज सुबह ही चक्रपुर से टनकपुर के लिए रवाना हुआ था। हादसे में घायल 21 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिसमें पांच की हालत नाजुक है। मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं को उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया है।