राज्य
आगरा-मुंबई हाईवे यात्री वाहन पलटा, चार की मौत, तीन घायल
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2018 10:49:33 AM ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पनिहार थाना के रायपुरा पुलिया के पास देर रात आगरा-मुंबई हाईवे पर एक यात्री वाहन पलटने से तीन महिलाओं और एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन बच्चे घायल भी हुए। गायों के झुंड को बचाने की वजह से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार सभी लोग गुजरात के निवासी हैं। बिना पुलिस कार्रवाई के परिजन शव लेकर गुजरात रवाना हो गए।
वाहन चालक कल रात गाय के झुंड को बचाने के चक्कर में गुजरात का एक मुस्लिम परिवार ग्वालियर में हादसे का शिकार हो गया। हादसे में तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई, वहीं हादसे में चार लोग घायल हो गए। पनिहार थाना के रायपुरा पुलिया के पास करीब रात एक बजे के आस-पास ये हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार गुजरात के वापी के रहने वाले रमजान खान अपने परिवार के साथ 12 मई को गुजरात से अजमेर शरीफ दर्शन करने के लिए निकले थे। कल पूरा परिवार जयपुर से आगरा घूमने के बाद रात ग्वालियर के रास्ते गुजरात जा रहा था। महिंद्रा कार में करीब 13 लोग सवार थे। बीती रात जब रमजान खान का परिवार ग्वालियर जिले से गुजर रहा था, उसी दौरान पनिहार थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास हाईवे पर गायों का एक झुंड आ गया। गायों को देखते ही रमजान के भाई कलीम ने उनको बचाने के लिए गाड़ी को एक साइड पूरी तरह टर्न कर लिया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को ग्वालियर की जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में जय जेहरुनिसा, अजमान, सफीना और सबीना शामिल है।