राज्य
किसान आत्महत्या मामले पर कमलनाथ ने साधा शिवराज सरकार पर निशाना
By Deshwani | Publish Date: 11/5/2018 11:45:02 AMउज्जैन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश में किसानों की आत्महत्या के मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। मध्यप्रदेश में किसानों की आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले छह दिनों में 6 किसानों की आत्महत्या के मामले ने सरकार पर सवाल खड़ा कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ महिलाओं और बच्चियों के साथ रेप की बढ़ती घटनाओं से भी प्रदेश परेशान है।
कमलनाथ ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा कि फिर एक मासूम हुई सागर में दुष्कर्म का शिकार...विभत्स व नृशंस घटना...ऐसी घटनाओं से प्रदेश हो रहा निरंतर शर्मसार...दुष्कर्म की घटनाएं व किसानों की आत्महत्याएं प्रदेश भर में जारी...हमारे मुखिया कर्नाटक चुनाव से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में व्यस्त।
इसी के साथ प्रदेश में गेंहू में चल रही मिलावट के बारे में भी ट्वीट करते हुए लिखा कि किसान पुत्र के राज में, किसानों के नाम पर चल रही योजनाओं व ख़रीदी में भ्रष्टाचार का खेल निरंतर जारी... किसानों के नाम पर ख़रीदी गेहूं में आधी मिट्टी, टुकड़ी व खलिहान का कचरा... पूर्व में भी इस तरह के मामले सामने आये... आख़िर चुप क्यों सरकार, दोषियों पर कब होगी कार्यवाही?