राज्य
पुलिस और उल्फा उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, एक जवान शहीद, 2 उग्रवादी ढेर
By Deshwani | Publish Date: 5/5/2018 10:30:35 AM गुवाहाटी। असम के तिनसुकिया जिले में उल्फा (एस) उग्रवादियों और पुलिस के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। कल रात हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने उल्फा के दो नेताओं को मार गिराया, जबकि बोर्डूम्सा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी भास्कर कलिता मुठभेड़ में शहीद हो गए। यह मुठभेड़ गृहमंत्री राजनाथ सिंह के 6 मई को असम दौरे से पहले हुई है।
इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (स्पेशल ब्रांच) पल्लव भट्टाचार्य ने बताया कि बोर्डूम्सा के पास एक घर में उल्फा (आई) के उग्रवादियों के होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद भास्कर कलिता के नेतृत्त्व में असम पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने इलाके में छानबीन की।
गुवाहाटी में असम पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश से सटे अंतरराज्यीय सीमा के पास शुक्रवार की रात उल्फा (एस) के साथ मुठभेड़ में भास्कर कलिता शहीद हो गए। वहीं कई जवानों के घायल होने की भी खबर है।
इस फायरिंग में सीआरपीएफ और पुलिस के कई जवान घायल भी हुए हैं। वहीं जांबाज पुलिस इंस्पेक्टर भास्कर कलिता बुलेट लगने से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 2 उल्फा नेताओं को मार गिराया है, जबकि 2 उल्फा महिला काडर को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटनास्थल से बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं।