राज्य
शाहजहांपुर बना उत्तर प्रदेश का 17वां नगर निगम, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी
By Deshwani | Publish Date: 25/4/2018 12:29:37 PMलखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की मंगलवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में शाहजहांपुर को नगर निगम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। मंत्रिपरिषद की बैठक में शाहजहांपुर के नगर पंचायत रौजा एवं सीमावर्ती 14 राजस्व गांवों को मिलाकर नगर निगम बनाने का निर्णय लिया गया है। मंजूरी मिलने से शाहजहांपुर प्रदेश का 17वां नगर निगम बन गया है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने बताया कि इससे निकाय की आय बढ़ेगी, अवस्थापना सुविधाओं के विकास व अनियोजित विकास को नियोजित करने में मदद मिलेगी।
साथ ही बैठक में बुंदेलखंड क्षेत्र में खरीफ फसल में वृद्धि के लिए विभिन्न फसलों के उन्नत प्रमाणित एवं संकर प्रजाति के बीजों पर राज्य सरकार द्वारा विशेष अनुदान दिए जाने के प्रस्ताव को मंजरी दी गई। वर्ष 2018 से 2021 तक धान, दलहन एवं तिलहन आदि फसलों के प्रमाणित बीजों को 80 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को वितरित किया जाएगा। इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा प्राप्त अनुदान की सीमा के बाद शेष राशि राज्य सरकार द्वारा विशेष अनुदान के रुप में किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी।