राज्य
रायबरेली में शाह और योगी आज भरेंगे हुंकार
By Deshwani | Publish Date: 21/4/2018 1:18:02 PMरायबरेली। आज कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज रायबरेली जाएंगे जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद होंगे। इस दौरे के बाद रायबरेली में सियासी पारा चढ़ने वाला है। माना जा रहा है कि शाह और योगी का यह दौरा लोकसभा चुनावों की तैयारी के मद्देनजर हो रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी चुनावों में शाह, रायबरेली के जरिए कांग्रेस के किले में सेंध लगाने की योजना बना रहे हैं और इसी योजना पर काम करने के लिए योगी के साथ दौरे पर आ रहे हैं।
दोनों नेताओं के इस दौरे के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा के रायबरेली प्रभारी ने बताया कि शाह कांग्रेस के गढ रायबरेली में एक जनसभा करेंगे। पार्टी के लाखों कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। इस जनसभा में योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय और दोनों उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य भी शिरकत करने वाले हैं।
रायबरेली में एक बड़ी रैली को संबोधित करने जा रहे शाह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी करेंगे ताकि 2019 के आम चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की जा सके। बीजेपी ने 2014 के आम चुनावों में उत्तर प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किया था लेकिन वह रायबरेली एवं अमेठी सीट नहीं जीत सकी थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह अमेठी में जीत दर्ज कर राहुल गांधी को झटका देने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।