राज्य
पुणे-सातारा हाईवे पर भीषण हादसा, 17 की मौत, 13 घायल
By Deshwani | Publish Date: 10/4/2018 12:02:59 PMखंडाला। आज मंगलवार तड़के सुबह खंडाला के पास भीषण सड़क हादसे में करीब 17 लोगों की मौत और 13 लोग घायल हो गए। सभी मृतक कर्नाटक के विजापुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह सभी लोग पुणे जा रहे थे। हादसे में घायल हुए अन्य 13 लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस टीमें घटनास्थल पर राहत कार्य चला रही है।
बता दें, कर्नाटक से एक ट्रक करीब 30 मजदूरों के लेकर पुणे एमआईडीसी की ओर जा रहा था। जहां उन्हें काम में लगाया जाना था। मंगलवार सुबह पुणे-सातारा हाईवे पर खंबाटकी टनल के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बैरिकेड से टकरा गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के आगे वाले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। स्थानीय पुलिस के साथ ही एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।