राज्य
‘केजरीवाल की भूख हड़ताल की घोषणा सिर्फ दिखावा’
By Deshwani | Publish Date: 2/4/2018 11:16:18 AMनई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सीलिंग के विरोध में भूखहड़ताल वाली घोषणा फिलहाल टाल दी गई है। सीलिंग के विरोध में शामिल खुदरा कारोबारी संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सीलिंग के मुद्दे पर मुख्यमंत्री का भूख हड़ताल टालने के निर्णय पर कल निराशा व्यक्त की। साथ ही संगठन ने आशंका जताते कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सीलिंग नहीं रोके जाने पर भूख हड़ताल करने की पिछले महीने की घोषणा राजनीति से प्रेरित थी और उनका उद्देश्य सिर्फ कारोबारियों की सहानुभूति हासिल करना था।
पिछले महीने मुख्यमंत्री ने सीलिंग मामले पर कहा था कि यदि सीलिंग 31 मार्च तक रोक नहीं लगायी गई तो वह भूख हड़ताल शुरू करेंगे। हालांकि फिलहाल मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी भूख हड़ताल की घोषणा टाल दी है। संगठन के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने आज मख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा कि भूख हड़ताल टालने से कारोबारियों में भारी निराशा है।
मौरतलब है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने 9 मार्च को दिल्ली के अमर कॉलोनी में कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा था कि यदि सीलिंग रोका नहीं गया तो वह भूख हड़ताल करेंगे। खबरों के मुताबिक आम आदमी पार्टी दिल्ली इकाई के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने 30 मार्च को कहा कि केजरीवाल ने कई कारोबारी संगठनों तथा अधिवक्ताओं की सलाह एवं अनुरोध पर भूख हड़ताल को टाल दिया है।