राज्य
प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेता ने की कोर्ट में शिकायत
By Deshwani | Publish Date: 31/3/2018 9:46:35 AMगोरखपुर। प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले को लेकर भाजपा के एक नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ देवरिया जिला अदालत में परिवाद दायर किया। परिवाद याचिका दायर करने वाले यूपी भाजपा प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी हाल ही में दिल्ली में आयोजित अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री मोदी, देश से फरार पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी और बैंक घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के बीच समानताएं बताने की कोशिश की थी।
उन्होंने कहा कि राहुल ने यह भी कहा था कि मोदी नाम भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। त्रिपाठी ने कहा कि इससे न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं, बल्कि इससे पूरे देश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इसी वजह से उन्होंने देवरिया की एक अदालत में कल राहुल के खिलाफ परिवाद दायर किया है।