राज्य
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा अखिलेश यादव के इस बयान से खुश हो जाएंगे
By Deshwani | Publish Date: 27/3/2018 5:00:00 PMलखनऊ। प्रदेश विधान परिषद में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक ऐसा बयान दिया जिसे सुनकर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा मन ही मन जरूर खुश होंगे। दरअसल अखिलेश यादव ने कहा कि हम चाहते हैं आपके आगे से 'उप' हट जाए। सीधी सी बात है कि अगर उनके उप मुख्यमंत्री पद से 'उप' हटता है तो वह प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे, और देश के सबसे बड़े प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन नहीं बनना चाहेगा।
इस दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने किसानों की आत्महत्या से लेकर कानून व्यवस्था और यूपी इन्वेस्टर मीट को लेकर योगी सरकार को घेरा। इस दौरान कई तंज भी कसे, अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर की जनता को धन्यवाद। विधान परिषद में अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को लेकर कहा कि गोरखपुर और फूलपुर में दो तो हार गए आप ही हो, जो बच गए। बसपा को भी सहयोग के लिए धन्यवाद। अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों लोकसभा ने देश की राजनीति को दिशा देने का काम किया। नेता सदन बताएं कि नकल का कारोबार कितने करोड़ का था? और किस-किस में बांटा जाता था?
विधान परिषद में अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने नवरात्रि में 4 लड्डू खा लिए, व्रत कैसा रहा। हम सालों साल ऐसे व्रत रह सकते हैं। इतनी खुशी समझ नही आई. उन्होंने कहा कि कर्जमाफी के जो आंकड़े बताए जाते हैं, उसका ज़मीनी हकीकत में बहुत अंतर है। आपने सब किसानों का क़र्ज़ माफ करने को कहा था, लेकिन क़र्ज़ माफ नहीं हुआ। जिसकी वजह से महोबा में पिछले महीनों में 27 किसानों ने आत्महत्या कर ली। ये सिर्फ एक ज़िले का आंकड़ा है। इन किसानों का क़र्ज़ माफ क्यों नही हुआ? इन्होंने भी आप सरकार बनाई थी। आपने वोट लेने के लिए जाति और धर्म मे बांट दिया था। कितने किसानों की आप ने मदद की है।