राज्य
योगी सरकार दावे तो बड़े-बड़े करते और जमींनी हकीकत कुछ और ही होते : अखिलेश
By Deshwani | Publish Date: 20/3/2018 12:03:05 PMलखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की पहली वर्षगांठ पर चुटकी लेते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि झूठ बोलने में माहिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के पास हकीकत में अपना काम गिनाने के नाम पर कुछ भी नहीं है।
यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार बने एक वर्ष पूरा हो गया। ‘एक साल में नई मिसाल’ के दावे तो बड़े-बड़े किए गए लेकिन जमींनी हकीकत पर एक भी दावा नहीं ठहर सका। झूठ बोलने में यह आत्मविश्वास गजब का है। भाजपा सरकार के पास एक वर्ष में अपना काम गिनाने के नाम पर कुछ भी नहीं है। पूरे साल भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के कामों की नुक्ताचीनी करती रही लेकिन वास्तव में उनकी योजनाओं को अपना बताती भी रही और उद्घाटन का उद्घाटन करती रही।
उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग अपने को ठगा महसूस कर रहा है। किसान, नौजवान, अल्पसंख्यक, महिला, व्यापारी, गरीब सभी में इस सरकार के कामकाज से गहरा असंतोष और आक्रोश है, इसका गोरखपुर-फूलपुर के लोकसभा उपचुनावों के नतीजों से ही प्रमाणित होता है।