राज्य
पिता ने अपनी 13 साल की बेटी की बेरहमी से कर दी हत्या
By Deshwani | Publish Date: 11/3/2018 3:28:19 PM दिल्ली। दिल्ली के करावल नगर में एक पिता ने अपनी 13 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी बेटी का पड़ोस के लड़के से बात करना पसंद नहीं था। बार-बार मना करने पर भी जब वह नहीं मानी तो गुस्साए पिता ने अपनी बेटी का गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 13 साल की वंशिका 7 मार्च को अपने घर से मोमोज़ लेने के लिए निकली थी लेकिन वो वापस नहीं लौटी। लड़की के पिता सुदेश कुमार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई। 9 मार्च को वंशिका का शव ट्रॉनिका सिटी इलाके के पास से मंडोला के जंगलों में मिला। उत्तरी पूर्वी दिल्ली के डीसीपी अजीत सिंगला ने बताया कि लड़की 7 मार्च को शाम करीब 5:40 बजे घर से निकली थी। घर के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि वह एक हेल्मेट पहने शख्स के साथ बाइक पर गई थी। शक के आधार पर लड़की के पिता से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की इलाके के एक युवक से दोस्ती थी। कई बार मना करने के बावजूद भी वह उस लड़के से मिल रही थी। सात मार्च को वह मोमोज लेने के बहाने उसे लड़के से मिलने निकली थी। सुदेश यह बर्दाशत नहीं कर पाया और वंशिका को अपने साथ बाइक पर बिठाकर लोनी रोड ले गया। वहां जाकर उसने पहले वंशिका को गला रेता और फिर उसकी आंख और चेहरे पर भी कई वार किए। इस दौरान उसके कपड़ों पर भी खून के छींटे आ गए जिन्हे उतारकर उसने पास में एक नाले में डाल दिए। आरोपी का इरादा लड़के को मारने का था लेकिन लड़का वहां से भाग गया जिसके बाद उसने बेटी की हत्या कर दी। वहीं वंशिका की मां अनुपमा के अनुसार सुदेश अपनी बेटी से बहुत प्यार करता था वो उसे नहीं मार सकता।