राज्य
हरियाणा में 28 हजार सरकारी नौकरियां कानूनी पचड़े में फंसी
By Deshwani | Publish Date: 5/3/2018 4:04:09 PMचंडीगढ़। हरियाणा में करीब 28 हजार सरकारी नौकरियां कानूनी पचड़े में फंसी हैं। प्रदेश सरकार इन नौकरियों की बाधाएं दूर करने में जुट गई है। इसके लिए न केवल अदालतों में पैरवी की जाएगी, बल्कि नई सरकारी भर्ती की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। भाजपा ने अपने कार्यकाल में 55 हजार पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। अभी तक चल रही भर्ती प्रक्रिया में पुराने सिस्टम के आधार पर इंटरव्यू होंगे, जबकि नई भर्ती में इंटरव्यू नहीं लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट सत्र से पहले राज्य में दिए गए सरकारी और प्राइवेट रोजगार का पूरा ब्योरा मीडिया के समक्ष पेश किया। मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार ने अभी तक 17,300 लोगों को सरकारी रोजगार दिया है। इसके अलावा पूर्व की हुड्डा सरकार में चयनित हुए लगभग 12 हजार जेबीटी शिक्षकों को नियुक्ति देने का काम भी भाजपा ने किया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जिन नौकरियों को लेकर कोर्ट में केस चल रहे हैं, उन्हें जल्द ही निपटा लिया जाएगा। जिन पदों के इंटरव्यू और रिजल्ट बाकी हैं, उनकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उन्होंने प्राइवेट सेक्टर में दिए गए रोजगार के आंकड़े भी पेश किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि कम से कम दो लाख युवाओं को कौशल विकास योजना के तहत ट्रेंड किया जाए ताकि वे अपने पैरों पर खड़ा हो सकें। एमएसएमई के तहत ही 1 लाख 24 हजार युवाओं को रोजगार मिला है।