राज्य
कासगंज में बवाल का तीसरा दिन, उपद्रवियों ने किया पथराव, दुकान में लगायी आग
By Deshwani | Publish Date: 28/1/2018 12:02:29 PMकासगंज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कासगंज जनपद में भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसकी बानगी रविवार को भी देखने को मिली है। इलाके में भारी पुलिस मुस्तैद के बाद भी घटना के तीसरे दिन भी उपद्रवियों ने कई दुकानें, वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई जगहों पर तोड़फोड़ के साथ बवाल किया, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा पर पथराव के बाद भड़की हिंसा ने युवक चंदन की जान ले ली थीं। इसके बाद पूरे कासगंज को हिंसा की आग ने अपनी चपेट में लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान भड़की हिंसा के दौरान हिंसा में चंदन की हत्या के मामले में शनिवार को मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। परिजन पहले तो अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन जब स्थानीय सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से बातचीत करायी, इसके बाद कड़ी सुरक्षा में चंदन का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, इस घटना से गुस्साए लोगों ने दूसरे दिन जमकर आगजनी और बवाल किया। इस गंभीर मामले को संभालने के लिए एडीजी कानून व्यवस्था आनन्द कुमार को डीजीपी मुख्यालय से पुलिस फोर्स को भेजना पड़ा।
इलाके में पीएसी की पांच कंपनियां और आरएएफ की एक कंपनी को तैनात कर दिया गया है। जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है, आने-जाने वाले वाहनों पर रोक लगा दी गयी है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मंडलायुक्त अलीगढ़ मण्डल सुभाष चंद्र शर्मा, आईजी अलीगढ़ मण्डल डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, एडीजी आगरा जोन अजय आनन्द, डीएम कासगंज आरपी सिंह, एसपी कासगंज सुनील कुमार सिंह, पीएसी, आरएएफ, सिविल पुलिस के साथ शहर में गश्त कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मिश्रित आबादी वाले इलाकों और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई थी। इससे यह अदांजा लगाया जा रहा था कि बवाल को पूरी तरह से रोक लिया जायेगा।
लेकिन तीसरे दिन रविवार को एक बार फिर स्थिति गड़बड़ा गयी और पुलिस की हीलाहवाली का फायदा उठाकर उपद्रवियों ने फिर जनपद में आगजनी करने में कामयाब रहें। दुकानों में तोड़फोड़ की बिगड़ी स्थिति को संभालने के लिए फिर पुलिस ने सड़क पर उतरी और मुस्तैद बढ़ायी।
जिलाधिकारी का कहना है कि रविवार को कुछ उपद्रवियों ने दुकानों में आग लगायी है, तोड़फोड़ की है। लेकिन हालात को काबू में कर लिया गया है। यहां की इंटरनेट सेवा को तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गयी है। साथ सीमाओं को सीलकर चौकसी बढ़ायी गयी है।