राज्य
रोड शो के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पहुंची बीगोद
By Deshwani | Publish Date: 27/1/2018 12:24:13 PMभीलवाड़ा, (हि.स.)। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को एक बार फिर से मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीगोद पहुंची हैं। बीगोद के राउमावि में बनाए गए हेलीपैड पहुंचने के समय वहां पर प्रभारी मंत्री श्रीचंद कृपलानी, विधायक रामलाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, प्रधान घनश्याम कंवर ने उनकी अगवानी की। यहां पर मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सभी को जीत का मंत्र दिया तथा कहा कि उपचुनाव में भाजपा की ही जीत तय है।
मुख्यमंत्री के अल्पसंख्यक बाहुल्य बीगोद में रोड शो को देखते हुए यहां बड़ी तादाद में भीड़ उमड़ी है। अल्पसंख्यक समुदाय की ओर से राजे का स्वागत भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री राजे हेलीपैड से चमन चैराहे तक रोड शो करते हुए मालीखेड़ा तक पहुंचेगी। मालीखेड़ा में भैरूनाथ मंदिर में दर्शन कर आर्शिवाद प्राप्त करने के बाद वहां नुक्कड़ सभा को संबोधित कर सकती हैं। यहीं से वो हेलीकाॅप्टर से अजमेर जाएंगी वहां पर भी रोड शो के कार्यक्रम में भागीदारी करेंगी।