राज्य
राजपथ पर दिल्ली के स्कूली बच्चों की प्रस्तुति से गदगद हुए केजरीवाल, सिसोदिया
By Deshwani | Publish Date: 26/1/2018 3:09:21 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को राजपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान राजपथ पर दिल्ली के तीन स्कूलों के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति से वह काफी प्रसन्न दिखाई दिए।
गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा मंत्री सत्येंद्र जैन भी मौजूद थे। हालांकि केजरीवाल इन दोनों नेताओं से अलग बैठे हुए थे। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट संदेश में कहा, आज राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में दिल्ली के तीन स्कूलों के बच्चों ने अलग - अलग कार्यक्रम पेश किए। बच्चों, अध्यापकों, अभिभावकों और दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग को बधाई। उन्होंने एक अन्य संदेश ट्वीट में कहा, 'शिक्षा हमारी पहचान है...हम भारत की पहचान है' । राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में, दिल्ली की शिक्षा का परचम लहराते दिल्ली के स्कूलों के छात्र। आप सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-5 के माउंट आबू पब्लिक स्कूल के 150 छात्र-छात्राओं ने 10 आसियान देशों की वेशभूषा में वहां के लोक नृत्यों का प्रदर्शन किया। जहांगीरपुरी के राजकीय कन्या विद्यालय की 155 छात्राओं ने पांच राज्यों का लोकनृत्य प्रस्तुत किया। नई दिल्ली के ऑक्सफोर्ड फाउंडेशन स्कूल, नजफगढ़ के छात्रों ने शिक्षित भारत, सशक्त भारत का संदेश दिया।