राज्य
बवाना हादसा: केजरीवाल ने किया मुआवजे का ऐलान
By Deshwani | Publish Date: 21/1/2018 11:15:09 AMनई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार देर रात को बवाना के इंडस्ट्रियल एरिया घटनास्थल क्षेत्र का दौरा कर घटना पर दुख जताया है। इसके बाद केजरीवाल घायलों की कुशलक्षेम पूछने अस्पताल भी पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया।
उल्लेखनीय है कि राजधानी के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को तीन फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई थी। इस भीषण आगजनी में 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए। मरने वालों में आठ महिलाएं शामिल हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुःख जताया है।
केजरीवाल ने घटनास्थल और अस्पताल में घायलों की कुशलक्षेम जानने के बाद कहा, 'घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। मृतकों के परिवार और घायलों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई नहीं हो सकती। दिल्ली सरकार मृतक के परिवारों को पांच लाख और गंभीर घायलों को इलाज के लिए एक लाख रुपये मुआवजा देगी।'
वहीं इस हादसे पर राजनीती भी चरम पर पहुंच गई है। केजरीवाल ने एक वीडियो रीट्वीट करते हुए कहा, 'राजनीति में इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता कि 17 लोगों की लाश पर कोई नेता इसलिए चुप है क्योंकि लाइसेंस उसी की पार्टी की एमसीडी ने दिया है। नार्थ एमसीडी मेयर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली नेता प्रीति अग्रवाल 'इस फैक्ट्री का लाइसेंस हमारे पास है इसलिए इस पर हम कुछ नहीं बोल सकते।'