राज्य
कोयले का अवैध परिवहन करने वाला व्यवसायी गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 18/1/2018 10:15:41 AMगुवाहाटी, (हि.स.)। गुवाहाटी की वशिष्ठ पुलिस ने कोयला माफिया के रूप में मशहूर एक व्यवसाई कुलदीप सिंह को बुधवार की रात गिरफ्तार किया।
पिछले कई महीनों से कुलदीप सिंह कुछ पुलिस एवं परिवहन विभाग के लोगों के साथ मिलकर मेघालय से आ रही ओवरलोड ट्रकों को गुवाहाटी में पहुंचाने के कारोबार को अंजाम देता आ रहा था। कोयले के इस काले खेल की खबर लगते ही पुलिस के आलाधिकारियों ने इस धंधे पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई तेज कर दी। इसके चलते पिछले कई सप्ताह से पुलिस कुलदीप सिंह की तलाश कर रही थी।
स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ले जाते समय कुलदीप सिंह ने बताया कि इस गोरखधंधे में वो अकेला नहीं है। इस धंधे में रोजाना आठ से दस लाख रुपये संग्रह होते हैं। यह धंधा गुवाहाटी परिवहन विभाग के अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों से लेकर होमगार्ड की मिलीभगत से चलता है। फिलहाल पुलिस कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि कुलदीप की गवाही के बाद और भी कई लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।