राज्य
पुलिस मुख्यालय पहुंचे नाबालिग अंजुम के परिजन, लगायी गुहार
By Deshwani | Publish Date: 13/1/2018 5:12:39 PMलखनऊ, (हि.स.)। सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र से अपहृत हुई नाबालिग अंजुम के परिजन शनिवार को लखनऊ आये और उन्होंने पुलिस मुख्यालय में उच्च अधिकारियों से मिलकर लड़की की बरामदगी के लिये गुहार लगायी। परिजन अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की भी मांग कर रहें है।
विगत् पांच दिनों पूर्व में सात जनवरी को सहारनपुर जिले के गंगोह थाना के गांव तारारपुर खुर्द की रहने वाली 16 वर्षीय अंजुम का घर से बाहर से अपहरण हो गया। अंजुम के पिता ममरेज को 11 जनवरी को जानकारी मिली कि उसकी बेटी अपराधिक किस्म के इरफान और महताब के घर पर मौजूद है। इस सूचना पर अंजुम के पिता ने उनके घर पर जा कर पूछताछ की तो उन्होंने उसे मारकर भगा दिया। पता चला कि इरफान का भांजा अशरफ लड़की लेकर आया था। अंजुम के पास है।
इसके बाद ममरेज वापस घर आ गया और परिजन के साथ उसने थाना गंगोह को बेटी के वहां होने की सूचना दी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद भी कोई कार्यवाही ना होने की स्थिति में अपहरण हुई अंजुम के परिजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय गये और वहां से मायूस हो कर लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय तक अपनी बेटी की रक्षा को गुहार लगाया है।
परिजन का आरोप है कि सहारनपुर की गंगोह थाना पुलिस मामले में मुख्य आरोपी अशरफ को बचाने में लगी है और अभी तक उनकी बेटी को पुलिस बरामद नहीं कर सकी हैं। वहीं सहारनपुर के गंगोह थानाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस ने इरफान और महताब को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही लड़की बरामद कर ली जायेगी।