राज्य
भाजपा ने शुरू की सहकारिता चुनाव की तैयारियां, सौंपे गए दायित्व
By Deshwani | Publish Date: 12/1/2018 5:57:00 PMकुशीनगर (हि.स.)। कुशीनगर जिला भाजपा ने सहकारिता चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को सांसद राजेश पांडेय के आवास पर चुनाव को लेकर मैराथन बैठक हुई। बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार पाठक भी मौजूद रहे। संगठन मंत्री ने पदाधिकारियों को चुनाव से सम्बंधित दायित्व सौंपते हुए पूर्व की सरकार में सहकारिता का खोया हुआ गौरव स्थापित करने के लिये जुट जाने का आवाहन किया।
उन्होंने कहा कि सपा बसपा की कुरीतियों के कारण सहकारिता भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। भाजपा ने पूरी दृढ़ता से चुनाव में भाग लेकर सहकारिता में लोकतंत्र की स्थापना और भ्रष्टाचार का खात्मा करने का संकल्प लिया है। सांसद राजेश पांडेय ने कहा कि साधन सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ मिलता था, लेकिन पूर्व की सरकार ने किसानों के साथ कपट किया और सहकारिता को ध्वस्त कर किसानों की कमर तोड़ दी। भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकार ने सहकारिता को संजीवनी देने का कार्य किया है। अब सहकारिता में लोकतन्त्र की बहाली करना हम सभी का दायित्व है।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही ने की। जिला प्रभारी सन्तराज यादव, केंद्रीय परिषद सदस्य लल्लन मिश्र, जिला संयोजक (स.प्र.) विजय प्रकाश दीक्षित, मार्कंडेय शाही, प्रेमचन्द मिश्र आदि ने अपने विचार रखें।