पटना। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के सत्रह नये मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बाद राज्य में कोविड महामारी से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़कर 143 हो गयी है। एक ही दिन में पटना में 8 लोगों में जांच के बाद संक्रमण पाया गया है।
इसमें खाजपुरा क्षेत्र के छह लोग शामिल हैं। सावधानी के तौर पर पूरे क्षेत्र के 3 किलोमीटर के दायरों को सील कर दिया गया है। भागलपुर में 4, बिहारशरीफ में 3, मरीज कोरोना संक्रमित पाये गये हैं जबकि बांका और पूर्वी चंपारण जिले से भी एक-एक नये मामले सामने आये हैं। राज्य में 17 जिलों में इस महामारी ने अपने पैर पसार लिये हैं।
राज्य में अब तक सबसे अधिक 31 मामले नालंदा से 29 सिवान से जबकि 27 पॉजिटिव मुंगेर जिले में पाये गये हैं। वहीं पटना में सोलह लोग अब तक संक्रमित हुए हैं। राज्य में 22 मार्च से अब तक 43 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इधर, कल बिहारशरीफ के 25 वर्षीय संक्रमित युवक को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। उसे 14 दिनों तक क्वारेंटाइन में रहने को कहा गया है।
नये मामलों के सामने आने के बाद सावधानी के तौर पर पटना शहर में शेखपुरा से रूकनपुरा तक बेली रोड को सील कर दिया गया है। खाजपुरा, जगदेव पथ के आस-पास के इलाकों में 80 लोगों को क्वारेंटाईन पर रखा गया है। 500 लोगों पर नजर रखी जा रही है। इधर, पटना और नालंदा जिले की सीमा पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। पड़ोसी जिलों-जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, गया और नवादा की सीमा पर पुलिस का पहरा और कड़ा कर दिया गया है।