बिहार
बिहार में आज कोविड-19 का कोई नया मामला नहीं, संक्रमितों की संख्या 85 पर स्थिर
By Deshwani | Publish Date: 18/4/2020 3:49:36 PMपटना। बिहार में शनिवार को कोविड-19 के संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। संक्रमितों की संख्या अबतक 85 पर स्थिर है। शुक्रवार को बिहारशरीफ और बेगूसराय में एक-एक मरीज के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी।
इलाज के बाद अब तक 42 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, मुंगेर और वैशाली जिले के एक-एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत भी हो चुकी है। इधर, प्रदेश में कोरोना संदिग्धों की पहचान के लिए चलाये जा रहे घर-घर सर्वेक्षण अभियान के तहत शुक्रवार तक 12 लाख 26 हजार से अधिक परिवारों का सर्वे किया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 64 लाख 77 हजार से अधिक व्यक्तियों से जानकारियां जुटाई गयी हैं। इस क्रम में विदेशों से लौटे 26 और दूसरे राज्यों से लौटे 180 ऐसे लोगों की पहचान हुई जिनमें बुखार, खांसी और सांस लेने में दिक्कत पायी गयी। 413 लोगों का नमूना जांच के लिए एकत्र किया जा चुका है।