बिहार
बिहार में कोरोना संक्रमण की संख्या 83 हुई, बक्सर में दो मिले, जमालपुर में नौ पॉजिटिव लोग जमात के संपर्क में थे
By Deshwani | Publish Date: 17/4/2020 2:03:06 PMपटना। बिहार में कोविड-19 के संक्रमण के ग्यारह नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इस वैश्विक महामारी से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 83 हो गयी है। बताया गया है कि मुंगेर के जमालपुर में पाए पॉजिटिव मरीज तबलिगी जमात के लोगों के संपर्क में थे।
संक्रमण के 9 नये मामले मुंगेर से और दो बक्सर जिले से आये हैं। मुंगेर के जमालपुर के नौ लोग पॉजिटिव पाये गए हैं। संक्रमित लोगों में छह माह और दो साल की एक बच्ची भी है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार के अनुसार ये सभी लोग एक ही परिवार के हैं। वहीं बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड के नया भोजपुर गांव के दोनों मरीज पुरुष हैं। बताया जाता है कि मुंगेर के जमालपुर से जो मरीज पॉजिटिव पाये गये हैं, वे लोग तबलीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों के संपर्क में आये थे।