बिहार
बिहार: नक्सली घटनाओं में आई कमी, तीसरे से 5वें स्थान पर आया राज्य
By Deshwani | Publish Date: 4/9/2018 11:38:23 AMपटना। बिहार पुलिस का दावा है कि बिहार अब नक्सली घटनाओं के मामले में देशभर में तीसरे स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। पुलिस ने अन्य आपराधिक घटनाओं में भी कमी आने का दावा किया है। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एस़ क़े सिंघल ने यहां सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार में नक्सली घटनाओं में तेजी से कमी आई है।
उन्होंने बताया, "नक्सली समस्या के मामले में पहले बिहार देशभर के राज्यों में तीसरे स्थान पर था, लेकिन नक्सलियों के खिलाफ लगातार चलाए गए अभियान के कारण स्थिति में बहुत सुधार आया है। नक्सली वारदातों के मामलों में अब बिहार का नाम छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र के बाद अब पांचवें नंबर पर आता है।"
सिंघल ने बताया कि नक्सली गतिविधियों में कमी आने को लेकर भारत सरकार के गृह सचिव से बिहार को प्रशस्तिपत्र भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2016 में जहां बिहार में 100 नक्सली घटनाएं हुई थीं, वहीं वर्ष 2017 में 71 नक्सली घटनाएं घटी थीं। इसके अगले वर्ष यानी वर्ष 2018 के अगस्त माह तक मात्र 25 नक्सली वारदातें हुई हैं।