पटना
तेजस्वी बोले: अनुमति दें एक घंटे में चौबे के बेटे को पकड़कर नीतीश के नकारा प्रशासन को सौंप दूंगा
By Deshwani | Publish Date: 27/3/2018 6:19:10 PM पटना। बिहार की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे की अभी तक गिरफ्तारी ना होने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चार सिपाहियों के साथ केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के दंगा आरोपित फरार बेटे को पकड़ने की मुझे प्रशासनिक अनुमति दें। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि एक घंटे में शाश्वत को घसीटकर नीतीश कुमार के नकारा प्रशासन को सौंप दूंगा। लटर-पटर से शासन नहीं चलता। दंगा रोकने के लिए कलेजा होना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मेरी बिहार की अमनपसंद और न्यायप्रिय जनता से विनम्र विनती है कि राज्य में शांति और सद्भाव का माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आप सभी नीतीश कुमार की एनडीए, दंगाईयों और उपद्रवियों के जहरीले डिजाइन से बचकर रहें।