बिहार
सुशील मोदी का तंज, कहा- राजद का शासन क्या बिहार में शिक्षा का स्वर्ण काल था?
By Deshwani | Publish Date: 10/3/2018 12:02:02 PMपटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राजद पर करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राजद बताए कि उनका शासन क्या बिहार में शिक्षा का स्वर्ण काल था। सुशील मोदी ने कहा कि महिला होने के नाते राबड़ी देवी ने न खुद पढ़ाई पूरी की, न अपने बेटों को अच्छी शिक्षा दिलवा पाईं। कोई मैट्रिक पास नहीं, तो कोई ग्रेजुएट नहीं। वह जब चारा घोटाला में लालू प्रसाद के जेल जाने की स्थिति में सीनियर नेताओं का मानमर्दन कर मुख्यमंत्री बनावाई गईं, तब उनके शिक्षा मंत्री बीएड घोटाले में फंसे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीति के चलते जो लोग मुसीबत में हैं उन्हें सोनिया गांधी ने सांत्वना भोज पर आमंत्रित किया है। ऐसी दावत में जाने वाले लोगों के चेहरे बेनकाब होंगे उनका सम्मान नहीं बढ़ेगा।
सुशील मोदी ने कहा कि जिस दौर में बिहार का विकास ठप और तरह-तरह के घोटाले चरम पर थे, सड़कें जर्जर थीं और बिजली के लिए गांव-शहर तरसते थे, उसी दौर में लोहिया-जेपी-कर्पूरी जैसे नेताओं की मूर्तियां लगवा कर गरीबों-किसानों-पिछड़ों से सत्ता के सारे महापाप छुपाए गए। कर्पूरी ठाकुर मुख्यमंत्री बनने के बाद अपना मकान तक नहीं बनवा सके थे लेकिन उनकी फोटो मूर्ति लगवाने का दावा करने वालों ने विधायक बनने से पहले 26 की उम्र में करोड़ों की 26 संपत्तियां अपने नाम लिखवा लीं। मूर्तियां लगवाने पूजने से कोई सज्जन सन्यासी नहीं बन जाता।