पटना
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आवास पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज
By Deshwani | Publish Date: 26/1/2018 5:09:42 PMपटना (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 69वें गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को अपने सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड मे सैकड़ों राजद पदाधिकारियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं पुलिस टुकड़ियों की सलामी ली।
इस अवसर पर श्रीमती देवी ने तमाम उपस्थित लोगों से देश में शांति, सद्भाव का वातावरण बनाये रखने तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा को प्राथमिकता देने को कहा।
मौके पर उपस्थित नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने देशवसियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि पूरे देश से नफरत खत्म हो और देश में अमन, शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे। मेरी शुभकामना देशवासियों के लिये है।
मौके पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र पूर्व, पूर्व मंत्री एवं विधायक तेजप्रताप यादव, पूर्व मंत्री अब्दुल गफूर, अशोक कुमार सिंह सहित सैकड़ों नेता व राजद पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।