बिहार
केंद्र ने बाढ़ की त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का दिलाया भरोसा : पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 17/1/2018 6:37:28 PM-गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद पप्पू यादव को भेजा पत्र
पटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार में आयी बाढ़ हुई त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पत्र भेजकर आश्वासन दिया है कि सरकार बिहार के 21 जिलों में आयी बाढ़ से हुई क्षति का आकलन कर रही है। इसके बाद सरकार बाढ़ से हुई क्षति को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि सांसद श्री यादव ने पिछले 28 दिसंबर को गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर बाढ़ से हुई क्षति का ब्योरा दिया था और बाढ़ से हुई क्षति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की थी। इसी पत्र के आलोक में गृहमंत्री ने सांसद श्री यादव को पत्र लिखकर परीक्षणोपरांत समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सांसद ने कहा कि बिहार में हर वर्ष बाढ़ से सैकड़ों लोगों की मौत होती है, करोड़ों का नुकसान होता है। इसके बावजूद सरकार बाढ़ पर नियंत्रण के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठा रही है। बाढ़ के दिनों में राहत व बचाव कार्य भी ठीक से नहीं चल पाता है। इसका खामियाजा जनता को ही भुगतना पड़ता है। सांसद श्री यादव ने कहा कि बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देकर रोजगार के नये अवसर सृजित किये जा सकते हैं, जिससे आर्थिक समृद्धि भी आएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के सैंकडों स्थान हैं, जिसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार की उपेक्षा के कारण पर्यटन स्थलों का विकास नहीं हो रहा है।