पटना
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी का भाजपा पर पलटवार
By Deshwani | Publish Date: 16/1/2018 5:05:33 PMपटना (हि.स)। बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने पार्टी के टूट के कगार पर होने के दावे को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्वास्थ मंत्री मंगल पाण्डेय आलोचना की है। कौकब कादरी ने कहा कि वास्तविकता यह है कि भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। जदयू के कई विधायक भी इस गठबंधन में अपने को असहज महसूस कर रहे हैं।
श्री कादरी ने मंगलवार को यहां कहा कि महाराष्ट्र में सांसद पटोले ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री नीतीन पटेल अपने 17 विधायकों के साथ भाजपा छोड़ने वाले थे लेकिन उन्हें राज्य का वित्त एवं अन्य महत्वपूर्ण विभाग देकर किसी तरह मनाया गया।
कौकब कादरी ने भाजपा नेताओं को अपनी पार्टी पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा विधायक घनश्याम तिवारी लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ बयान दे रहे हैं। एक और पंजाब एवं कर्नाटक में भाजपा में भगदड़ मची है तथा दूसरी और पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री यशवन्त सिंहा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण शौरी, भाजपा लोकसभा सदस्य श्री शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति आजाद लगातार भाजपा की आर्थिक नीतियों के खिलाफ बयान दे रहे हैं।