पटना
लालू को दोषी ठहराये जाने पर नंद किशोर यादव बोले- जो गलत करेगा, उसे जेल जाना ही होगा
By Deshwani | Publish Date: 23/12/2017 6:55:40 PMपटना, (हि.स.)। बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव ने लालू को चारा घोटाला मामले में रांची की सीबीआई अदालत द्वारा शनिवार को दोषी ठहराने पर कहा, ‘‘जो गलत करेगा उसे सजा मिलेगी ही।” उन्होंने कहा कि दुख का विषय है कि लालू प्रसाद ने अपने कृत्यों से अपने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। भ्रष्टाचार और बेनामी सम्पत्ति मामले में फंसवा दिया। लालू का केन्द्र सरकार और भाजपा के खिलाफ आरोप बेबुनियाद है।
यादव ने कहा कि किसी भी नेता को भ्रष्टाचार के मामले मेें जेल जाना खास कर सार्वजनिक जीवन में रहने वाले उनके जैसे लोगों के लिए बेहद दुख का विषय है। लालू प्रसाद ने चारा घोटाला के एक मामले में सजायाफ्ता होने के बाद भी सबक नहीं लिया। रेल मंत्री रहते हुए घोटाला मामले के भी आरोपी हो गये। उन्होंने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम के सीबीआई मामले में कोर्ट का फैसला लालू की नजर में सही और चारा घोटाला मामले में दोषी ठहराने पर भाजपा पर दोषारोपण का क्या औचित्य है? यह तो अदालत की ही अवमानना होगी।