बिहार
शरद यादव और अली अनवर की राज्यसभा सदस्यता खत्म
By Deshwani | Publish Date: 5/12/2017 12:08:54 PMपटना, (हि.स.)। जदयू अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विरोध करना शरद यादव और अली अनवर को महंगा पड़ा। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण शरद यादव और अली अनवर की राज्यसभा सदस्यता खत्म कर दी गई।
सोमवार को देर रात नीतीश से बागी बने शरद और अनवर की सदस्यता समाप्त किए जाने की जारी अधिसूचना पर प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि उप राष्ट्रपति और सह सभापति एम वेंकैया नायडू ने दूध का दूध पानी का पानी किया है। पार्टी को दगा देने और भ्रष्टाचारी लालू का साथ देने की सजा मिली है।
शरद यादव ने पहले पार्टी पर कब्जा करने की असफल कोशिश की। चुनाव आयोग ने शरद के झूठे दावे को खारिज कर दिया। शरद का पांच वर्ष और अनवर का छह माह का कार्यकाल बचा था। उम्मीद की जा रही है कि लालू की मदद से अगले वर्ष मार्च में होने वाले चुनाव में शरद फिर राज्यसभा पहुंच जाएंगे।
शरद बिहार में राजद-कांग्रेस महागठबंधन से अलग हो भाजपा के साथ सरकार बनाने के विरोध में बागी बन गए थे। नीतीश के मनाही की अनदेखी कर शरद और अनवर भाजपा विरोधी लालू की रैली में शामिल हुए थे। इसी को आधार बनाकर पार्टी ने दोनों की राज्यसभा की सदस्यता खत्म करने के लिए सभापति को अर्जी दी थी।