नेपाल
दो पुलिस अफसरों समेत दस लोगों को घायल करने वाले बाघ को पुलिस ने मार गिराया
By Deshwani | Publish Date: 7/2/2017 8:17:53 PM
वीरगंज। विजय कुशवाहा
शहर से कोई 25 किलोमीटर दूर ार्सा जिले के लखनपुर में बाघ के हमले में दो पुलिस अफसरों समेत दस लोग घायल हो गए। बाद में नेपाल पुलिस ने गोली से बाघ मारा गिराया। उसे वीरगंज के वन कार्यालय में लाया गया है। घटना मंगलवार दोपहर की बतायी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि लखनपुर में अचानक बाघ को देखकर लोग हल्ला मचाने लगे। इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच बाघ ने लोगों पर हमला बोल दिया। इसमें नेपाल पुलिस के इंस्पेक्टर चक्र बहादुर साह व सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार झा समेत मोतीलाल यादव, तूफान पटेल, आशमन पटेल, दुखी पटेल, महेंद्र पटेल, रघुवीर साह, लक्ष्मण पटेल व महेंद्र सहनी घायल हो गए। इनमें इंस्पेक्टर चक्र बहादुर साह, मोतीलाल यादव और महेंद्र सहनी की हालत गंभीर है।
तीनों को बेहतर इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है। घटना के दौरान लोगों ने फौरन इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी । तत्काल दोनों पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और बाघ को नियंत्रण में करने की कोशिश करने लगे। इसी बीच, बाघ ने दोनों पर हमला कर दिया। बाद में हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिससे उसकी मौत हो गई।