नेपाल
नेपाल सरकार मधेशियों को अलग-थलग करने की कर रही साजिश : यादव
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2017 7:19:10 PM जनकपुर, (हि.स.)। प्रांत संख्या दो में निकाय चुनाव 18 सितम्बर को कराए जाने का फैसला कर नेपाल सरकार मधेशियों को अलग-थलग करने की साजिश कर रही है। यह आरोप प्रेसिडियम के सदस्य राज किशोर यादव ने लगाया।
यादव ने यहां शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर कहा, “स्थानीय निकाय चुनाव के संबंध में राष्ट्रीय जनता पार्टी- नेपाल (राजपा-एन) ने सरकार के साथ कोई समझौता नहीं किया है।”
हालांकि उन्होंने कहा कि वह चुनाव के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन तब तक चुनाव में भाग नहीं लेंगे जब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा। यादव का मानना है कि सभ्यता के लिए संघर्ष और पहचान को जनसंख्या के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को राजपा-एन की होने वाली बैठक में सिलसिलेवार ढंग से आन्दोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। यादव ने यह आरोप लगाया कि नेपाल की सत्ताधारी पार्टियां मधेश के मुद्दे को कमजोर करने के लिए बार-बार साजिश करती हैं और यहां के मुद्दों को उजागर नहीं होने देना चाहती हैं।