नेपाल में 13वें दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय खिलाडि़यों की जीत का सिलसिला जारी,खेलों में भारत 62 स्वर्ण सहित कुल 124 पदकों के साथ शीर्ष पर
काठमांडू। नेपाल में 13वें दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय खिलाडि़यों की जीत का सिलसिला जारी है। भारत ने आज कुल 54 पदक जीते, जिनमें 28 स्वर्ण, 19 रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय महिलाओं ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सोलह स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य पदक देश के नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने वुशु, भारोत्तोलन, तैराकी, निशानेबाजी और ताइकांडो में शानदार प्रदर्शन किए।
वुशु में भारत ने नौ स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।
तैराकी में पहले दिन भारत ने चार स्वर्ण, छह रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया।
भारोत्तोलन में पहले दिन भारत ने चार स्वर्ण पदक अपने नाम किये।
निशानेबाज़ी में भारत ने चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया।
महिलाओं की 50 मीटर राइफल-3 पोजि़शन प्रतिस्पर्धा में भारतीय महिला निशानेबाज़ो ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीत कर तिहरी सफलता हासिल की
ताइकोंडो प्रतिस्पर्धा के अंतिम दिन ने भारत ने तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए।
एथलेटिक्स में भारत को एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक मिले।
प्रतियोगिता के पांचवें दिन भारत ने पदक तालिका में बढ़ोत्तरी करते हुए शीर्ष पर अपनी स्थिति और मज़बूत कर ली है। उसने कुल 124 पदक जीते हैं जिनमें 62 स्वर्ण, 41 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल हैं।