नवादा
आगलगी में दो घर जलकर राख, तीन मवेशी की मौत
By Deshwani | Publish Date: 16/4/2019 9:14:13 PMनवादा। जिले के अकबरपुर प्रखंड के भगवान पुर गांव में शॉट सर्किट से आग लग जाने से तीन मवेशी की मौत हो गई। इसके साथ ही एक घर व एक किराना दुकान जलकर राख हो गया।
घटना के बाद आस-पास के लोगों द्वारा आग पर काबू पाया गया। बताया जाता है कि गांव निवासी फगु मांझी के घर 440 वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार में शॉट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते घर को आगोश में ले लिया। इसके साथ ही बगल में संचालित सतेंद्र सिंह का किराना दुकान भी जलकर राख हो गया। ग्रामीणों द्वारा अग्निशामक विभाग के पदाधिकारी को मोबाइल से सूचना दिया गया। लेकिन अग्निशामक विभाग का दस्ता नहीं पहुंचा। ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित फगु मांझी ने बताया कि दो गाय व एक बछड़ा समेत हजारों की संपति का नुकसान हुआ है। वहीं सतेंद्र सिंह ने बताया कि दुकान में किराना सामग्री व गिफ्ट का हजारों रूपए का समान था। जो जलकर राख हो गया।