बिहार
ससुराल आये युवक की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 26/5/2017 3:46:29 PMनवाद, (हि.स.)। कौआकोल थाना के सेखोदेवरा में गुरुवार देर रात ससुराल आये युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है। गांव में पूरी तरह से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
गांव का कोई भी व्यक्ति घटना की जानकारी देने से कतरा रहा है, सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची कौआकोल पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने ले आयी तथा घटना की तहकीकीत में जुट गयी है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को वर पूजा करने के बाद रात में सभी परिवार के साथ युवक घर की छत पर सोया हुआ था। आधी रात के बाद अचानक किसी ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज घरवालों को सुनाई दी। जब तक घर वालों की नींद खुली तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृत युवक जमुई जिले के सिकन्दरा थाने का नोनी भलुआ का निवासी है तथा हाल में आसनसोल लीन्हा, बंगाल में अपने पिता के साथ रहता था। पिता वहीं एक जूट मिल में नौकरी करते थे। उसका विवाह 29 अप्रैल, 2017 को ही सेखोदेवरा में रामनरेश पासवान की पुत्री रीमा के साथ हुई थी। युवक के ससुराल वालों ने कौआकोल पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है।
बताया जा रहा है कि घटना की पूर्व संध्या को मृत युवक के साले जीतू को गांव के ही विनोद पासवान के साथ झंझट हुआ था, झंझट के क्रम में उसे विनोद ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी और इसके बाद ही यह घटना हुई।