राष्ट्रीय
सरकार का चीन पर Quality अटैक, प्रधानमंत्री मोदी ने सभी मंत्रालयों को दिया आदेश
By Deshwani | Publish Date: 23/8/2020 11:05:53 AMनई दिल्ली। देश में प्लास्टिक टॉयज या बच्चों के खिलौने बनाने को बढ़ावा देने के मकसद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्य कैबिनेट मंत्रियों और उच्च अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। मोदी ने तमाम मंत्रालय को आदेश दिया कि ऐसी नीति और माहौल बनाया जाए ताकि राज्यों में प्लास्टिक टॉय बनाने के लिए क्लस्टर बनाए जा सकें। ये विशेष क्लस्टर ना केवल देश में बच्चों के लिए खिलौने बनाएंगे बल्कि देश में बने खिलौने विदेशों में भी एक्सपोर्ट किए जा सके। वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत मिशन को भी प्लास्टिक टॉय मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देकर सफल बनाने पर पीएम मोदी ने जोर दिया।
दरअसल देश में चीन से आयातित बेतहाशा प्लास्टिक के खिलौने से सरकार बेहद चिंतित है। आलम ये है कि देश के बाजारों में बिक रहे बच्चों के प्लास्टिक के खिलौने में चीन का जबरदस्त दबदबा है। स्थिति ये है कि 70फीसदी प्लास्टिक खिलौने इम्पोर्ट किए जाते हैं, जबकि केवल 30-35 फीसदी खिलौने ही देश मे बनते हैं। इसी बिगड़े गणित को सुधारने के मकसद से सरकार प्लास्टिक टॉयज के इम्पोर्ट पर रोक और देश मे ही प्लास्टिक टॉयज के मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना चाहती है।
पीएम मोदी ने बैठक में युवाओं को प्रेरित करने के लिए भी रास्ते बनाने को कहा। प्लास्टिक टॉयज में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को भी ज़्यादा से ज़्यादा अपनाने पर पीएम ने जोर दिया। पीएम मोदी ने बच्चों के खिलौने विषय पर hackathon आयोजित करने की भी सलाह दी है, जिसमें युवाओं के हिस्सा लेने से ना केवल नए आइडिया ही मिलेंगे, साथ ही प्लास्टिक टॉयज मैन्युफैक्चरिंग में नवीन तकनीक और नए डिजाइन भी देश को मिल सकेंगे।